जीआईएस तकनीक के माध्यम से पूरे शहर का तैयार होगा’बेस मैप’
नगर परिषद वीवीएन टेक्नोलॉजी से कराएगी संपत्तियों का सर्वेक्षण


न्यूज विजन। बक्सर
शहर के नियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में नगर परिषद, बक्सर ने एक ऐतिहासिक पहल की है। गुरुवार को नगर परिषद सभागार में सभापति कमरुन निशा, उपसभापति बेबी देवी और कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक की उपस्थिति में जीआईएस बेस मैप एवं संपत्ति सर्वेक्षण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर परिषद यह कार्य नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के द्वारा निर्गत कार्यादेश के तहत करा रही है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार शुरू किया गया यह कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। प्रथम चरण में अत्याधुनिक जीआईएस तकनीक के माध्यम से पूरे शहर का ‘बेस मैप’ तैयार किया जाएगा। द्वितीय चरण में वीवीएन टेक्नोलॉजी की टीम घर-घर जाकर संपत्तियों का विस्तृत सर्वेक्षण करेगी। इस सर्वेक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या 3 से की जा रही है।
अब घर की पहचान होगी नंबर प्लेट से होगी। इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण लाभ यह है कि सर्वे के बाद शहर के प्रत्येक घर को एक ‘यूनिक हाउस आईडी’ आवंटित की जाएगी। इसके आधार पर नगर परिषद द्वारा आधिकारिक नंबर प्लेट जारी किए जाएंगे। इससे न केवल घरों की पहचान आसान होगी, बल्कि संपूर्ण डेटा नगर परिषद के डिजिटल पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगा।
सर्वेक्षण के दौरान शहर की सड़कों, रेलवे लाइनों, जल निकायों (नदी, नाले, नहर), ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों और खाली पड़ी भूमि का सटीक सीमांकन किया जाएगा। इससे भविष्य में बनने वाली शहरी योजनाओं को धरातल पर उतारना आसान होगा। कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने कहा कि यह एक बहुउद्देशीय सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण है। इससे नगर निकाय की सीमाओं, वार्डों और स्लम क्षेत्रों का वैज्ञानिक मानचित्र तैयार होगा। इस डेटाबेस की मदद से भविष्य की योजनाओं का निर्माण और उनका क्रियान्वयन बेहतर तरीके से हो सकेगा। साथ ही, इससे हर वार्ड के राजस्व संग्रह में भी पारदर्शिता और सुगमता आएगी।
इस कार्य की निगरानी के लिए एटीपीएस वंदना को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वीवीएन टेक्नोलॉजी की तकनीकी टीम के साथ समन्वय के लिए नगर परिषद ने एक टीम गठित की है जिसमें राज मणि, सिटी मैनेजर, नरसिंह चौबे, टैक्स कलेक्टर, तिलेश्वर, अमीन, अमित, वाहिद एवं अशोक, सहायक शामिल हैं। कार्यशाला के दौरान सशक्त समिति के सदस्य, सभी वार्ड पार्षद, स्वच्छता पदाधिकारी, सहायक नगर योजना पर्यवेक्षक, सिटी मैनेजर, सहायक वास्तुविद एवं नगर परिषद के समस्त कर्मचारी उपस्थित थे। नगर परिषद ने सभी वार्ड पार्षदों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण हेतु आने वाली टीम को सही जानकारी देकर सहयोग करें।





