अहियापुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी संतोष एवं मनोज यादव समेत तीन ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
पुलिसिया दबाव का दिखा असर




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के अहियापुर गांव में हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड में सोमवार को एक बड़ा मोड़ आया, जब मामले के तीन मुख्य आरोपियों ने बढ़ते पुलिसिया दबाव के चलते बक्सर स्थित मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में संजय कुमार सिंह उर्फ़ संतोष यादव, मनोज सिंह दोनों पिता दीनानाथ सिंह, अहियापुर तथा बटेश्वर सिंह, पिता स्व. नागेश्वरी सिंह, ग्राम रामपुर थाना धनसोई शामिल हैं।
पहले भी दो आरोपी कर चुके हैं आत्मसमर्पण।







इस हत्याकांड में अब तक कुल पांच आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस की जांच के अनुसार, मामले में कुल 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इनमें से एक की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। कुर्की-जब्ती और वारंट की कार्रवाई से आरोपियों पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का वारंट जारी किया गया था, जबकि अन्य 10 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट पहले ही जारी हो चुका था।

पिछले चार दिनों से पुलिस मनोज सिंह एवं संतोष यादव के घरों की संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया चला रही थी। घरों पर नोटिस चस्पा किए गए थे, संपत्ति की सूची बनाई जा रही थी, और ग्रामीणों के समक्ष विधिवत प्रक्रिया अपनाई गई थी। इस सख्ती के कारण आरोपी खुद को घिरा हुआ महसूस कर रहे थे। पुलिस प्रशासन ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी थी। लगातार छापेमारी, निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस का दबाव इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अंततः आत्मसमर्पण का रास्ता अपनाया। सोमवार को सीजेएम कोर्ट में पेश होकर तीनों आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

