असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है: संतोष यादव
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर बिहार पब्लिक स्कूल में भव्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन


न्यूज विजन। बक्सर
बिहार पब्लिक स्कूल, बक्सर के तत्वावधान में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती व राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में युवा चेतना कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्व की प्रथम महिला पर्वतारोही एवं पद्मश्री सम्मानित संतोष यादव रहीं। उनके आगमन पर विद्यालय के स्कूल बैंड के विद्यार्थियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया तथा आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संतोष यादव के जीवन, संघर्ष, साहस, अनुशासन एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रेरणादायी नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर सादगी, सरलता तथा पर्यावरणीय अनुकूलता का विशेष ध्यान रखा गया।
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर पद्मश्री संतोष यादव द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश भी दिया गया। संतोष यादव ने कहा कि सपने उन्हीं के पूरे होते हैं, जो अनुशासन, साहस और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ते हैं। जीवन की प्रत्येक चुनौती एक पर्वत के समान होती है, जिसे आत्मविश्वास और धैर्य से ही जीता जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है और संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता।
उन्होंने छात्रों को समय के महत्व को समझते हुए सही समय पर प्रातःकाल जागने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने तथा लक्ष्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणादायक सलाह दी। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत। यह मंत्र आज के युवाओं के लिए जीवन पथ प्रदर्शक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रकृति और नारी शक्ति के सम्मान के बिना कोई भी समाज प्रगति नहीं कर सकता।इस अवसर पर रुद्रा गुरुकुल के संस्थापक अविराम सुंदर को उनके उल्लेखनीय शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बिहार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ-साथ नगर के अनेक शैक्षणिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें मिलेनियम स्कूल, हेरिटेज स्कूल, कैंब्रिज स्कूल, बाल विकास केंद्र, गायत्री शक्ति पीठ, विभिन्न कोचिंग संस्थान, महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, सत्यदेव मिल के संस्थापक, बक्सर के गणमान्य नागरिक तथा जिला प्रशासन के अधिकारी सम्मिलित थे।
विद्यालय के निदेशक राकेश ओझा ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करते हैं। बिहार पब्लिक स्कूल भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य विकास ओझा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया।





