शुक्रवार की सुबह बक्सर गोलंबर पहुंचेगी “रघुभूमि से तपोभूमि तक” प्रभु श्रीराम की यात्रा
बक्सर गोलंबर हनुमान मंदिर पर अयोध्या से महर्षि विश्वामित्र के साथ राम लक्ष्मण की यात्रा का होगा भव्य स्वागत




न्यूज विज़न। बक्सर
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सामाजिक कार्यकर्ता एवं लाइफ़ कोच सह भाजपा नेत्री वर्षा पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित “रघुभूमि से तपोभूमि तक” यात्रा का शुभागमन 13 जून 2025 को प्रातः 9 बजे बक्सर स्थित गोलंबर हनुमान मंदिर पर होने जा रहा है।







यह यात्रा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के पावन चरणों की स्मृति से जुड़ी है। अयोध्या धाम से चलकर यह यात्रा उन पौराणिक स्थलों से गुजरती है, जहां भगवान राम, लक्ष्मण और महर्षि विश्वामित्र विश्राम करते हुए बक्सर पहुंचे थे। यह यात्रा सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि श्रीराम की कर्मभूमि बक्सर को उसकी आध्यात्मिक महत्ता के साथ राष्ट्रीय चेतना में स्थापित करने का प्रयास है।

यात्रा बक्सर नगर में गोलंबर से आरंभ होकर बाईपास रोड होते हुए किला मैदान तक पहुँचेगी, जहाँ वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके बाद श्रद्धालु पैदल चलकर रामरेखा घाट पर माँ गंगा का पूजन-दर्शन करेंगे। तत्पश्चात यात्रा क्रमशः राम चबूतरा, चरित्रवन, संगमेश्वर नाथ (गंगा-ठोरा संगम स्थल), वामन अवतार स्थल से होती हुई विश्राम कुण्ड बसांव मठिया पहुंचेगी। वहाँ परम पूज्य पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज के आशीर्वचनों के साथ यात्रा का समापन होगा।
इस धार्मिक-सांस्कृतिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है। श्रीराम कर्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सनातन मूल्यों की पुनर्प्रतिष्ठा हेतु यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पुनीत अवसर पर आप सभी धर्मप्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकार बंधुओं एवं रामभक्तों से सादर आग्रह है कि पधारकर पुण्य के भागी बनें और बक्सर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने में सहभागी हों।

